La lecture à portée de main
Vous pourrez modifier la taille du texte de cet ouvrage
Découvre YouScribe en t'inscrivant gratuitement
Je m'inscrisDécouvre YouScribe en t'inscrivant gratuitement
Je m'inscrisVous pourrez modifier la taille du texte de cet ouvrage
Description
Informations
Publié par | Diamond Books |
Date de parution | 01 juin 2020 |
Nombre de lectures | 0 |
EAN13 | 9789352616435 |
Langue | English |
Informations légales : prix de location à la page 0,0166€. Cette information est donnée uniquement à titre indicatif conformément à la législation en vigueur.
Extrait
आपके अवचेतन मन की शक्ति
eISBN: 978-93-5261-643-5
© प्रकाशकाधीन
प्रकाशक डायमंड पॉकेट बुक्स (प्रा.) लि.
X-30 ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-II
नई दिल्ली- 110020
फोन : 011-40712100
ई-मेल : ebooks@dpb.in
वेबसाइट : www.diamondbook.in
संस्करण : 2017
Apke Awachetan Man Ki Shakti
By - Dr. Joseph Murphy
लेखक के बारे में
जोसेफ मर्फी का जन्म आयरलैंड में हुआ और बाद में वे अमेरिका में बस गए। मनोविज्ञान में पीएच. डी. करने के बाद डॉ. मर्फी ने अपना अधिकांश जीवन पूर्वी धर्मों के अध्ययन में बिताया। शोध के सिलसिले में वे कई साल तक भारत में भी रहे। विश्व के सभी प्रमुख धर्मों का कई वर्षों तक अध्ययन करने के बाद उन्हें विश्वास हो गया कि पूरी सृष्टि में एक विराट शक्ति व्याप्त है, और वह शक्ति हमारे अंदर है- हमारे अपने अवचेतन मन की शक्ति। डी. मर्फी पर ‘न्यू थॉट’ सिद्धांतों का भी काफी प्रभाव पड़ा, जो 19वीं सदी के उत्तरार्द्ध में अमेरिका में लोकप्रिय हुए थे। न्यू थॉट मुहिम का मानना था कि ईश्वर या अनंत प्रज्ञा सर्वोच्च, सर्वव्यापी और अजर-अमर है; प्रत्येक मनुष्य के अंदर दैवीय अंश है और सभी मनुष्य मूलतः आध्यात्मिक हैं; सर्वोच्च आध्यात्मिक सिद्धांत यह है कि एक दूसरे से बिना शर्त प्रेम किया जाए। न्यू थॉट सिद्धांतों की मान्यता थी कि प्रत्येक प्रकार की बीमारी मस्तिष्क में उत्पन्न होती है और ‘सही सोच’ से उपचार संभव है।
मर्फी से उनकी जीवनी लिखने के लिए कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने प्रत्येक बार यही कहा कि उनका जीवन उनकी पुस्तकों में पाया जा सकता है। उन्होंने 30 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं, जिनमें ‘टेलिसाइकिक्स बिलीव इन योरसेल्फ’, ‘हाउ टू अट्रैक्ट मनी’, ‘योर इनफाइनाइट पावर टू बी रिच मिरेकल्स ऑफ योर माइंड’ और ‘साइकिक परसेप्शन’ शामिल हैं। ‘द पावर ऑफ योर सबकॉन्शस माइंड’ (आपके अवचेतन मन की शक्ति) उनकी सबसे लोकप्रिय पुस्तक है।
विषय सूची जीवन में चमत्कार करने वाली पुस्तक आपके अंदर है बड़ा खजाना मस्तिष्क की कार्यशैली अवचेतन मन की चमत्कारी शक्ति प्राचीन काल में मानसिक उपचार आधुनिकता और मानसिक उपचार व्यावहारिक तकनीक द्वारा मानसिक उपचार अवचेतन का झुकाव मनचाहे परिणाम कैसे प्राप्त करें दौलत पाने हेतु अवचेतन की शक्ति का प्रयोग अमीर बनने का हक अवचेतन मन सफलता का द्वार वैज्ञानिक अवचेतन मन का प्रयोग कैसे करते हैं अवचेतन और नींद के चमत्कार अवचेतन मन और वैवाहिक समस्याएँ अवचेतन मन और खुशी अवचेतन मन और मानवीय संबंध क्षमा और अवचेतन मन अवचेतन मन का समाधान अवचेतन मन से भय पर विजय मन को हमेशा युवा रखें
मैं आपसे इस पुस्तक का अध्ययन करने और इसमें बताई तकनीकों को अमल में लाने का आग्रह करता हूँ। मुझे विश्वास है कि ऐसा करके आप उस चमत्कारिक शक्ति को जान लेंगे, जो आपको दुविधा, दुःख, उदासी और असफलता के कुचक्र से बाहर निकलने में मदद करेगी।
1
जीवन में चमत्कार करने वाली पुस्तक
आपके अवचेतन मन की चमत्कारिक शक्ति आपकी प्रत्येक बीमारी ठीक कर सकती है। यह आपको पुनः स्वस्थ, उत्साही और शक्तिशाली बना सकती है।
मैंने विश्व में बहुत से व्यक्तियों के जीवन में चमत्कार होते देखा है। आपके साथ भी ऐसे चमत्कार हो सकते हैं- अतः आप अपने अवचेतन मन की चमत्कारिक शक्ति का प्रयोग शुरू कर दें। प्रस्तुत पुस्तक आपको अपने अवचेतन मन की शक्ति से अपनी तकदीर खुद बनाने और सिखाने के लिए लिखी गई है। मनुष्य अपने अवचेतन मन में जैसा सोचता है, वैसा ही वह बन जाता है।
क्या आप इन प्रश्नों के उत्तर जानते हैं?
मनुष्य दुःखी क्यों होता है? दूसरा खुश क्यों होता है? एक मनुष्य सुखी और समृद्ध क्यों होता है? दूसरा गरीब और दुःखी क्यों होता है? एक मनुष्य भयभीत और तनावग्रस्त क्यों होता है? दूसरा आस्थावान तथा आत्मविश्वासी क्यों होता है? एक मनुष्य के पास सुंदर, आलीशान बंगला क्यों होता है? दूसरा झोपड़ी में क्यों रहता है?
एक मनुष्य बहुत सफल और दूसरा बुरी तरह असफल क्यों होता है? एक वक्ता उत्कृष्ट और असाधारण रूप से लोकप्रिय और दूसरा औसत और अलोकप्रिय क्यों होता है? एक मनुष्य अपने काम या पेशे में जीनियस और दूसरा जीवन भर श्रम करने के बावजूद कुछ प्राप्त क्यों नहीं कर पाता?
एक मनुष्य असाध्य बीमारी से ठीक हो जाता है, जबकि दूसरा क्यों नहीं हो पाता? अच्छे, दयालु और धार्मिक मनुष्य इतनी ज्यादा मानसिक और शारीरिक यातना क्यों झेलते हैं? कई अनैतिक और अधर्मी मनुष्य सफल, समृद्ध तथा स्वस्थ क्यों होते हैं? एक मनुष्य का वैवाहिक जीवन सुखमय और दूसरे का दुःखी और कुंठित क्यों होता है? क्या आपके चेतन और अवचेतन मन में इन प्रश्नों का कोई उत्तर मिल सकता है?
निश्चित रूप से मिल सकता है।
यह पुस्तक क्यों?
इसी प्रकार के बहुत से प्रश्नों के उत्तर बताने की अपनी इच्छा के कारण ही मुझे यह पुस्तक लिखने की प्रेरणा मिली। मैंने मस्तिष्क की आधारभूत सच्चाइयों को सरलतम भाषा में समझाने की कोशिश की है। मेरा मानना है कि जीवन और मस्तिष्क के आधारभूत नियमों को रोजमर्रा की सरल भाषा में समझाना पूरी तरह संभव है। इस पुस्तक में आपको वैसी ही भाषा मिलेगी, जो अखबारों, पत्र-पत्रिकाओं, ऑफिसों और घरों में मिलती है।
मैं आपसे इस पुस्तक का अध्ययन करने और इसमें बताई तकनीकों को अमल में लाने का आग्रह करता हूँ। मुझे विश्वास है कि ऐसा करके आप उस चमत्कारिक शक्ति को जान लेंगे, जो आपको दुविधा, दुःख, उदासी और असफलता के कुचक्र से बाहर निकलने में मदद करेगी। यह चमत्कारिक शक्ति आपको अपनी मंजिल तक पहुँचने में मदद देगी, आपकी समस्याएँ सुलझाएगी, आपको मानसिक और शारीरिक बेड़ियों से स्वतंत्र करेगी और आपको स्वतंत्रता, खुशी व मानसिक शांति के मार्ग पर पहुँचा देगी।
आपके अवचेतन मन की यह चमत्कारिक शक्ति आपकी प्रत्येक बीमारी ठीक कर सकती है। यह आपको पुनः स्वस्थ, उत्साही और शक्तिशाली बना सकती है। जब आप अपनी आंतरिक शक्तियों का प्रयोग करना सीख लेंगे, तो आप भय की कैद से स्वतंत्र हो जाएँगे और ऐसे आनंददायी जीवन का स्वाद चखेंगे, जिसे पॉल ने ईश्वर की संतानों की आनंददायक मुक्ति कहा है।
चमत्कारी शक्ति कैसे प्राप्त करें
हमारे लिए अवचेतन मन की चमत्कारिक शक्ति का सबसे बड़ा प्रमाण तब माना जायेगा, जब हमारी बीमारी ठीक हो जाए। तभी हमें इस पर भरोसा हो सकेगा। बहुत वर्ष पहले मैंने अपने एक ट्यूमर का इलाज किया, डॉक्टरों की भाषा में इसे सरकोमा ( Sarcoma ) कहते हैं। मैंने यह इलाज अपने अवचेतन मन की उस चमत्कारिक शक्ति के माध्यम से किया, जिसने मेरे शरीर की रचना की है और जो मेरे सभी महत्त्वपूर्ण शारीरिक कार्यों को नियंत्रित करती है।
मैंने जिस तकनीक से उस ट्यूमर को ठीक किया था, इस पुस्तक में उस तकनीक के बारे में आगे विस्तार से बताया गया है। मुझे पूरा विश्वास है कि आपको भी उस उपचारक शक्ति पर विश्वास हो जाएगा, जो हम सभी के अवचेतन मन की गहराई में हमेशा मौजूद रहती है। डॉक्टर मित्र की सलाह से मुझे अचानक यह महसूस हुआ कि जब अवचेतन मन के रचनात्मक ज्ञान ने मेरा पूरा शरीर और इसके सभी अंग बनाए हैं, तो यह अपनी बनाई चीज को ठीक क्यों नहीं कर सकता। पुरानी कहावत है, ‘‘डॉक्टर घाव पर पट्टी करता है; ईश्वर उसे ठीक करता है।’’
प्रार्थना से चमत्कार
वैज्ञानिक प्रार्थना मस्तिष्क के चेतन और अवचेतन स्तरों के बीच की ऐसी सामंजस्यपूर्ण पारस्परिक क्रिया है, जिसे किसी विशिष्ट उद्देश्य प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक तरीके से निर्देशित किया जाता है। यह पुस्तक आपके अंदर छिपी अनंत शक्ति के दोहन का वैज्ञानिक तरीका सिखाएगी और आपको वह सब कुछ पाने में समर्थ बनाएगी, जो आप जीवन में सचमुच प्राप्त करना चाहते हैं। यदि आप अधिक सुखी, पूर्ण और समृद्ध जीवन चाहते हैं, तो आप इस चमत्कारिक शक्ति का प्रयोग करके अपने जीवन को सुखी बना सकते हैं, आप अपने काम-धंधे की समस्याएँ सुलझा सकते हैं और पारिवारिक रिश्तों में सद्भाव भी ला सकते हैं। इस पुस्तक को बार-बार पढ़ने की आवश्यकता है, तभी आपको पता चलेगा कि यह चमत्कारिक शक्ति कैसे काम करती है। इस पुस्तक के माध्यम से आप अपने अंदर छिपी प्रेरणा तथा बुद्धिमानी को सामने ला सकते हैं। इस पुस्तक द्वारा आप अपने अवचेतन मन को प्रभावित करने की आसान तकनीकें भी सीख सकते हैं। इस पुस्तक द्वारा आप अपनी शक्ति के अनंत भंडार का दोहन करने का नया वैज्ञानिक तरीका भी अपना सकते हैं। इस पुस्तक को बहुत ध्यान, ईमानदारी और प्रेम से पढ़ने की आवश्यकता है। हर पल विश्वास रखें कि यह पुस्तक आपकी चमत्कारिक रूप से मदद कर सकती है। मेरा मानना है ऐसा ही होगा। यह पुस्तक आपके जीवन का निर्णायक मोड़ साबित होगी।
प्रत्येक मनुष्य प्रार्थना करता है
क्या आप जानते हैं कि प्रभावी प्रार्थना कैसे की जाती है? कितने लंबे वक्त से आपने निरंतर प्रार्थना करना छोड़ दिया है? देखा जाता है कि अक्सर खतरे या मुसीबत, बीमारी या मौत जैसी आपातकालीन स्थिति में ही प्रार्थनाएं मुँह से निकलती हैं। प्रतिदिन की खबरों पर एक नजर डालें। देशवासी किसी असाध्य बीमारी से पीड़ित बच्चे के लिए प्रार्थना कर रहे हैं, देशों के बीच शांति के लिए दुआ माँग रहे हैं, किसी खदान में पानी भर जाने के कारण फँसे खनिकों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। खनिकों ने बचने के बाद बताया कि उन्होंने भी बचाव का इंतजार करते समय प्रार्थना की थी।
माना कि मुसीबत में प्रार्थना हमेशा मदद करती है, लेकिन प्रार्थना को अपने जीवन का सृजनात्मक हिस्सा बनाने के लिए हमें मुसीबत का इंतजार करना क्यों पड़ता है? प्रार्थना के चमत्कारिक परिणाम अखबार में छपते रहते हैं, जो इस बात का सबूत हैं कि प्रार्थना प्रभावी होती है। लेकिन प्रार्थना के अन्य प्रकार भी हैं, जैसे बच्चों की छोटी-छोटी प्रार्थनाएँ, भोजन के वक्त ईश्वर का स्मरण, ईश्वर के साथ संप्रेषण के लिए धार्मिक आराधना। मैंने प्रार्थना की विभिन्न विधियों का अध्ययन करके खुद के जीवन में भी शक्ति महसूस की है। मैंने बहुत से लोगों के साथ बातचीत करके भी महसूस किया कि प्रार्थना से बहुत लाभ होता है। अधिकतर समस्या यह आती है कि किसी दूसरे को प्रार्थना करना कैसे सिखाया जाए। मुसीबत में फँसे लोगों के लिए तार्किक ढंग से सोचना बहुत मुश्किल होता है। जब सामने वालों की समस्याएँ उस पर हावी हो जायें तो उसके सुनने-समझने की क्षमता भी कम हो जाती है। उसे कोई सरल तरीका चाहिए ताकि वह उसका पालन कर सके। ऐसा प्रभावी तरीका, जो सरल लेकिन खास हो।
पुस्तक की अद्भुत विशेषताएं
इस पुस्तक की अद्भुत विशेषता है इसका व्यावहारिक और यथार्थपरक होना। इस पुस्तक में आपको सरल तरीके और प्रभावी फॉर्मूले मिलेंगे, जिनको आप प्रत्येक दिन अपने जीवन में आजमा सकते हैं। ये आसान तरीके मैंने विश्व के बहुत से लोगों को भी सिखाए हैं।
इस पुस्तक की कुछ खास बातें आपकी मदद करेंगी। इसमें यह भी बताया गया है कि आप जिस चीज के लिए प्रार्थना करते हैं, अक्सर आपको उसके उल्टे परिणाम क्यों मिलते हैं। विश्व के हजारों लोगों ने मुझसे पूछा है, ‘‘बार-बार प्रार्थना करने के बावजूद मुझे माँगी हुई चीज क्यों नहीं मिली?’’ इस पुस्तक में आपको इसका कारण पता चल जाएगा। पुस्तक अवचेतन मन को प्रभावित करने और सही उत्तर पाने के तरीकों का स्पष्टीकरण करती है। इसीलिए यह पुस्तक असाधारण रूप से मूल्यवान बन गयी है और मुसीबत के समय में हमेशा आपकी मदद करेगी।
विश्वास का नियम
बहुत से लोग सोचते हैं कि मनुष्य की प्रार्थना का उत्तर उस चीज के कारण मिलता है, जिसमें वह विश्वास करता है, लेकिन ऐसा नहीं है। उसे जो उत्तर मिलता है, अपने विश्वास के कारण मिलता है। प्रार्थना का फल तो तब भी मिलता है, जब मनुष्य का अवचेतन मन उस मनुष्य की मानसिक तस्वीर या विचार पर प्रतिक्रिया करके उसे हकीकत में बदल देता है। विश्वास का यह नियम विश्व के सभी धर्मों का रहस्य सिद्धांत है। यह उनके मनोवैज्ञानिक सत्य का छिपा हुआ कारण है।
धार्मिक भिन्नताओं के बावजूद बौद्ध, ईसाई, मुस्लिम और यहूदियों को अपनी प्रार्थनाओं के उत्तर मिलते हैं। ऐसा कैसे हो सकता है